डीआरएम साहब, पेंशनर्स परेशान हों जाएंगे…नॉन कैश काउंटर को हटाए जाने का विरोध, रेल संगठनों ने जताई आपत्ति
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। दो बत्ती स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में सालों से स्थापित नॉन- कैश पीआरएस काउंटर को बंद करने के आदेश के विरोध में रेल संगठन खड़े हो गए है। विरोध जताते हुए डीआरएम को पत्र लिखा गया है। कहा गया कि पेंशनर्स परेशान होने लगेंगे।
मालूम हो कि काउंटर को 27-02-2026 से स्थाई रुप से बंद करने संबंधी आदेश जारी किया है।
इस संबंध में वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के मंडल मंत्री मनोहर बारठ ने डीआरएम को पत्र लिखा कि वर्तमान में मंडल कार्यालय रतलाम द्वारा ऑफ लाइन मानार्थ पास पेंशनरों को जारी किए जा रहे है। नॉन-कैश पीआरएस काउंटर से काफी तादात में पेंशनर प्रतिदिन अपना आरक्षण कराते है। साथ ही रनिंग कर्मचारी भी अपनी ऑफ ड्यूटी होने पर सुविधा अनुसार इस नॉन-कैश पीआरएस काउंटर से अपना आरक्षण कराते है। क्योंकि रतलाम स्टेशन स्थित पीआरएस काउंटर पर लंबी कतार में काफी समय प्रतीक्षा करनी पड़ती है। वहां दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद के जोनल महामंत्री शिवलहरी शर्मा, डीआरयूसीसी मेंबर अनिल उपाध्याय ने कहा है कि सेवारत रेल कर्मचारी एवं सेवानिवृत रेल कर्मचारियों के लिए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय रतलाम स्थित नॉन- कैश पीआरएस काउंटर की सुविधा को यथावत जारी रखा जाएं।
