उम्मीद से कहीं ज्यादा 77.85 प्रतिशत मतदान… दिनभर रही चहल-पहल, पोलिंग बूथ पर डटे रहे सपोर्टर कर्मचारी, अबे-तुबे भी हुई

न्यूज जंक्शन-18
रतलाम। क्रेडिट सोसायटी ऑफ द एम्पलाइज ऑफ द वेस्टर्न रेलवे लिमिटेड) के डायरेक्टर चुनाव में सोमवार को उम्मीदों से कहीं अधिक मतदान हुआ। शाम 4 बजे तक 77.85 प्रतिशत मतदान हुआ। वोटिंग को लेकर दिनभर चहल-पहल रही। वहीं कुछ मौकों पर कार्यकर्ताओं के बीच गहमागहमी की स्थिति भी निर्मित हुई। इस दौरान संगठनों के पदाधिकारी बूथ पर निरीक्षण करते रहे। कहीं भी विवाद की स्थिति निर्मित न हो इसके लिए आरपीएफ की तैनाती भी रही। शेड्यूल के मुताबिक सुबह 8 बजे से मतदान शुरू कर दिया गया था। हालांकि संगठनों के कार्यकर्ताओं को छोड़कर अधिकांश मतदाता कर्मचारी कार्यालय समय में ही मतदान के लिए पहुंचे। रतलाम में पोलिंग बूथ डीआरएम ऑफिस के अलावा रेलवे स्टेशन, रेलवे स्कूल तथा डीजल शेड में बनाए गए है। इन स्थानों पर संगठनों के पोलिंग बूथ पर टेंट लगाए गए थे। वहां बैठे कर्मचारी व पदाधिकारी की संख्या के मान से भी हार-जीत का आंकलन व अनुमान लगते रहे।

मंडल में 9632 वोटर्स ने किया मतदान:- प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक रतलाम मंडल में मतदान प्रक्रिया में कुल 12372 मतदाताओं में से 9632 मतदाताओं ने मतों का उपयोग किया। कार्मिक विभाग की देखरेख तथा आरपीएफ की निगरानी में शाम को मंडल कार्यालय परिसर स्थित ऑफिसर्स क्लब स्थित स्ट्रांग रूम में पेटियां रखी गई।
मंडल के 30 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक कतारें लगी रहीं। 8 घंटे चले मतदान में 12 हजार 372 रेलकर्मियों में से 9,632 ने वोट डाले। 2020 के चुनाव में 13,154 में से 9,629 ने वोट डालकर 73 प्रतिशत मतदान किया था। यह मतदान, 4.85 प्रतिशत बढ़कर 77.85 पर पहुंच गया है। सबसे ज्यादा मतदान सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट दाहोद में 93.16 प्रतिशत, जबकि सबसे कम 62.90 प्रतिशत एसएस ऑफिस इंदौर में हुआ। पहली बार ऐसा हुआ कि हार-जीत के लिए किसी संगठन की लहर नहीं देखी गई। इसे लेकर अभी कयास व उलझन की स्थिति बनी हुई है। हालांकि बढ़े हुए मतदान प्रतिशत से उत्साहित दोनों खेमे अपने अपने संगठन को मजबूत मान रहे हैं। जबकि अब सबकी निगाहें 24 दिसंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।

इधर, मामले में मजदूर संघ के प्रवक्ता गौरव दुबे का कहना है कि हम जीत के प्रति पूरी तरह से आशान्वित है। वहीं यूनियन प्रवक्ता व उम्मीदवार अशोक तिवारी का दावा है कि जेसीस बैंक चुनाव के लिए हमारा संगठन ताकत से चुनाव लड़ा है। 24 दिसंबर को नतीजे यूनियन के पक्ष में आना तय है। पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद के सुजीत शर्मा व अनिल उपाध्याय ने बताया कि वोटिंग के आखरी समय तक परिषद का दबदबा रहा। जीत परिषद हिस्से में ही आएगी। वहीं एसटी एससी एसोसिएशन के पीएन वर्मा व जोनल उम्मीदवार गगन छपरी बताते है कि पिछले चुनावों की तुलना इस बार हम और भी मजबूती में है।

24 दिसंबर सुबह 8 बजे बाद से रुझान आने शुरू होंगे:- चुनाव की मतदान के बाद 24 दिसंबर बुधवार को सुबह 8 बजे एनेक्सी हॉल में मतगणना शुरू होगी। इसके बाद रुझान के साथ डीआरएम परिसर में माहौल बनना शुरू हो जाएगा। दोपहर तक लगभग नतीजे आ जाएंगे। इधर, मतगणना को लेकर प्रशासन की ओर से पुख्ता तैयारियां की जा रही है। वहीं मतगणना स्थल पर बैठने के लिए रेल संगठन अपने पदाधिकारी की नियुक्ति में जुटे है।

शांत रहने वाले चौधरी भड़के:- मतदान के दौरान बूथों पर विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई। अमूमन शांत रहने वाले मजदूर संघ प्रत्याशी राजेंद्र चौधरी मतदान की बात को लेकर भड़क गए। दरअसल दोपहर 1.30 बजे डीआरएम ऑफिस में बने मतदान केंद्र में उस समय विवाद की स्थिति ही गई, जब रेलकर्मियों को पर्ची दी जा रही थी। इसको लेकर मजदूर संघ प्रत्याशी चौधरी ने मतदानकर्मी विजय पांडे के सामने ऐतराज जताया। इस पर पांडे बोले पर्ची आपके ही लोग दे रहे हैं। इस पर चौधरी भड़क गए तथा स्थिति अबे-तुबे तक जा पहुंची। कर्मचारियों ने मामला शांत कराया। स्टेशन पर भी आपत्तियां उठाई गई। नए वेटिंग रूम में बने बूथ के बाहर एक महिला कर्मचारी गेट तक कर्मचारियों को छोड़ने पर यूनियन के प्रत्याशी अशोक तिवारी और अर्पित जैन ने आपत्ति जताई। तुरंत आरपीएफ महिला जवान तैनात कर दी गई। वहीं सीहोर के मतदान केंद्र पर कर्मचारियों के बीच हाथापाई की भी सूचनाएं आई है। दाहोद में मतदान का समय खत्म होने तक रेलकर्मियों की कतार लगी रही। चर्चा के बाद 4 बजे सबको टोकन देकर मतदान पूरा कराया गया।

इस तरह रहा मतदान प्रतिशत का नजारा:- सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट दाहोद में सर्वाधिक 93.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सीडब्ल्यूएम ऑफिस (स्थापना लॉबी) में 88.20%, एसएस ऑफिस देवास में 86.64%, एसएसई दाहोद में 86.30% तथा एसएसई पिपलोद में 86.11% मतदान हुआ। सीडब्ल्यूएम टाइम ऑफिस में 85.84%, डीजल शेड में 85.55%, एसएसई (पीडब्ल्यू) एसजेपी में 85.31%, एसएसई (सिग्नल) फतेहाबाद में 84.95%, एसएस ऑफिस नीमच में 84.62% तथा सीडब्ल्यूएम ऑफिस (मंथन हॉल) में 84.04% मतदान दर्ज किया गया। एसएस ऑफिस नागदा में 82.19 प्रतिशत, एसएस ऑफिस मक्सी में 80.88 प्रतिशत, एडीईएन ऑफिस सीहोर में 80.70 प्रतिशत मतदान हुआ।
