स्नेह, सहयोग से तीन वर्षों का सफल सफर..1095 दिनों तक पाठकों का प्यार, राह पर चलने की मिलती रही ताक़त

– आशीष दशोत्तर (लेखक, साहित्यकार व शायर)।
स्नेह, सहयोग, समर्थन और शुभकामनाएं सफलता में परिणित होती हैं। लगातार 1095 दिनों तक कांधों पर सभी के आशीष की वर्षा हो तो संबल भी बढ़ता है और राह पर चलने की ताक़त भी मिलती है । न्यूज़ जंक्शन 18.काॅम newsjunction18.com ने 3 वर्षों का यह सफ़र अपने सुधि पाठकों के स्नेह और सजक आत्मीयजनों के सहयोग से पूर्ण कर लिया है।
इन 3 वर्षों के सफ़र के दौरान इस पटल पर आपने कभी खुशी और कभी ग़म देखे। कभी किसी सफलता की कहानी तो कभी किसी असफलता के पीछे छुपे हुए दर्द को पढ़ा । कभी तेज़ गति से दौड़ती ज़िन्दगी के बीच मानवता की आवाज़ सुनी। कभी विकास के रथ पर सवार अपने शहर की उल्लेखनीय उपलब्धियों की जानकारी हासिल की । यह सब अचानक और अकस्मात नहीं होता हुआ । इसके पीछे एक सोच कार्य करती रही । एक लंबा संघर्ष तय किया गया। सबके मन को पढ़ते हुए समाज के उत्थान की बात को ध्यान में रखा गया। इस न्यूज़ प्लेटफार्म पर पाठकों ने निरंतर विविध गतिविधियों को पढ़ा – देखा। बीते 3 वर्षों का यह सफर इस बात का गवाह भी है कि समय के साथ चलते रहने और हर एक पल की हलचल को पाठकों तक पहुंचाने के पीछे एक पत्रकार को लंबा संघर्ष करना पड़ता है । यह संघर्ष इन वर्षों के दौरान यहां देखा गया । 3 वर्षों का यह सफर कहने को बहुत कम है मगर उसे नींव के पत्थर की तरह है , जिस पर किसी आलीशान इमारत को खड़ा किया जा सकता है । यह न्यूज़ चैनल अब अपनी इस भावी इमारत को बनाने की तरफ अग्रसर हो रहा है । इस पड़ाव पर आने वाले वक़्त की तस्वीर दिखाई देने लगी है । इस चैनल के ज़रिए आने वाले वक़्त में और अधिक सफलता हासिल की जाएगी। पाठकों को हर दिन एक नए सरोकार से जुड़ने का मौका मिलेगा। इन्हीं कामनाओं के साथ newsjunction18.com के संपादक श्री जलज शर्मा और चैनल की पूरी टीम को बहुत बधाई।
