बयानों के तंज से तेज चुनावी माहौल…. गेंद मतदाताओं के पाले में, किसी ने की अपील, कोई मांग रहा मार्गदर्शन
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। जेसी बैंक डायरेक्टर के आगामी चुनाव को लेकर वाट्सएप ग्रुपों में जारी बयानों के तंज से चुनावी माहौल तेज होने लगा है। मजदूर संघ द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद पूर्व डायरेक्टर पूरी तरह मुखर है। वहीं टिकिट की दौड़ से बाहर दावेदार द्वारा संगठन के फैसले के साथ चुनाव में सहयोग व समर्थन देने की अपील जारी की है। इन सबके बीच सोमवार का दिन चुनाव की सरगर्मी के मान से अहम होने वाला है।
बता दें कि मजदूर संघ के मंडल मंत्री अभिलाष नागर द्वारा जेसी बैंक के दो डायरेक्टर पद के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इस पद की दौड़ में शामिल रहे सहायक मंडल मंत्री गौरव दुबे ने जारी बयान में संगठन के फ़ैसले को उचित ठहराया है। इन्होंने वाट्सएप ग्रुप के जरिए मतदाताओं से दोनों प्रत्याशी को जिताने की अपील की।
वहीं टिकिट न मिलने पर पूर्व डायरेक्टर वाज़िद खान ने खुद को चुनाव की उम्मीदवारी से बाहर नहीं माना। उन्होंने मतदाताओं से बतौर निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतरने का मार्गदर्शन मांगा है। ऐसे में अब वाट्सएप मैसेज से चुनावी सरगर्मियां तेज होने लगी है।
निर्णायक रहेगा सोमवार का दिन:- इधर, संगठन से जुड़े सूत्र बता रहे है कि सोमवार फैसलों के मान से निर्णायक रहने के अलावा उथल-पुथल वाला दिन रह सकता है। इस दिन निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में घोषणा हो सकती है। वहीं इस्तीफे के दौर भी शुरू होने की आशंका जताई जा रही है। इस बीच अन्य संगठनों के उम्मीदवारों की घोषणा भी संभावित है।
