रेल मंडल में दूसरा ट्रेन हादसा….मक्सी स्टेशन के पास गोवा एक्सप्रेस की चपेट में आई रेलवे ट्रॉली, एक ट्रॉलीमैन की मौत, चार घायल
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रतलाम मंडल में सेजावता-बंजली बायपास पर क्रासिंग गेट पर ट्रेन हादसे की जांच शुरू भी नही हुई और मक्सी रेलवे स्टेशन के पास एक और बड़ा रेल हादसा हो गया। शुक्रवार सुबह करीब 10:52 बजे रेलवे ट्रैक पर खड़ी इंजीनियरिंग विभाग की ट्रॉली को गोवा एक्सप्रेस ने टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही मौके पर दुर्घटना राहत ट्रेन और दुर्घटना राहत चिकित्सा उपकरण को घटनास्थल के लिए रवाना होने का आदेश दिया गया।
घटना के समय इंजीनियरिंग पुश ट्रॉली के साथ चार ट्रैकमैन, एक सेक्शन पीडब्ल्यूआई सत्यजीत और एक सेक्शन पीडब्ल्यूआई प्रभारी मौजूद थे। सभी चार ट्रॉलीमैन घायल हो गए हैं। एक का पैर कटा जबकि एक की मौत हो गई। घटना के बाद मंडल के बड़े अधिकारी पर तबादले की गाज गिरना तय माना जा रहा है।

घटना किलोमीटर नंबर 100/06 के पास हुई। पटरी पर जांच तथा रखरखाव में लगी इंजीनियरिंग ट्रॉली को हज़रत निज़ामूद्दीन से वास्को-डी-गामा जा रही ट्रेन संख्या 12780 गोवा एक्सप्रेस ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग के बजाय डायवर्टेड रूट से गुजर रही थी। मक्सी स्टेशन क्षेत्र में जब ट्रॉली ट्रैक पर मौजूद थी।,तभी तेज रफ्तार गोवा एक्सप्रेस वहां आ पहुंची और ट्रॉली उससे टकरा गई। हादसा होते ही मौके पर हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में चार घायल ट्रॉलीमैन में भगवान सिंह बिमला की मौत हो ही। जबकि दिलीप जायसवाल के पैर कट गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल ट्रैक को खाली कराने और स्थिति को सामान्य करने का काम जारी है। रेलवे प्रशासन द्वारा मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं कि ट्रॉली को ट्रैक पर लाने से पहले ब्लॉक या सिग्नल से जुड़ी प्रक्रियाओं का सही से पालन किया गया था या नहीं। मामले में जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मक्सी में गोवा एक्सप्रेस से ट्रॉली की टक्कर हुई है। मामले में जांच कराई जा रही है।

बड़े अधिकारी पर हो सकती है कार्रवाई:- लगातार दो ट्रेन दुर्घटनाओ के बाद सीधे विभागीय प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े हो गए है। विभागीय काम के प्रति लापरवाही के चलते बड़े अधिकारी पर कार्रवाई सहित तबादले की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।
