न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर शहर में विभिन्न संगठनों द्वारा रैली सहित अन्य आयोजन किए जा रहे हैं। ऐसे में दो दिन शहर भगवान परशुराम के जयकारों से गूंजेगा।
श्री सर्व ब्राह्मण सभा, रतलाम द्वारा 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को प्रातः 9:00 बजे भव्य चल समारोह एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम को अन्य आयोजन भी होंगे।
जबकि श्री परशुराम युवा मंच द्वारा भी रैली का का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों को लेकर पृथक से तैयारियां की गई है।
राम मंदिर से शुरू होगी यात्रा:- श्री सर्व ब्राह्मण सभा के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि शोभायात्रा राम मंदिर, सैलाना रोड से प्रारंभ होकर शक्ति नगर होते हुए परशुराम मंदिर पहुंचेगी। ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजा, शंख ध्वनि एवं भजनों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण निर्मित किया जाएगा।
इस भव्य चल समारोह में समाजजन, संत समाज एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी। आयोजन समिति द्वारा सभी समाजबंधुओं एवं नागरिकों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया गया है।
कार्यक्रम के पश्चात परशुराम मंदिर में आरती, महाप्रसादी एवं स्नेहभोज का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें सभी आमंत्रित हैं।
दो दिवसीय परशुराम जन्मोत्सव का शुभारंभ कल से-इधर परशुराम युवा मंच द्वारा आयोजित दो दिवसीय जन्मोत्सव की शुरुआत शनिवार 18 अप्रैल से की जा रही है।
19 अप्रैल,अक्षया तृतीया से एक दिन पूर्व से ही नगर में धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसके अंतर्गत विभिन्न आयोजन ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित किए जाएंगे। जन्मोत्सव का शुभारंभ 18 अप्रैल को श्री परशुराम युवा मंच द्वारा वाहन रैली के साथ होगा। रैली महलवाड़ा से शाम 5 बजे प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए शक्ति नगर स्थित श्री परशुराम महादेव मंदिर पर पहुंचेगी। जहां भगवान परशुराम जी की महाआरती के साथ समापन होगा।

इससे पहले शुभारंभ नगर में निःशुल्क सनातन संस्कार शाला चलाने वाले वैध पंडित श्यामलाल शर्मा, संगीत व गायन क्षेत्र में कई उपलब्धियां प्राप्त करने वाली कु. भुवी व्यास, राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती चैंपियन बहने कु. खुशी व कु. अलीशा पंड्या, सांदीपनी विद्यालय में इस बार के कक्षा बारहवीं के टॉपर छात्र तितिक्ष पंचोली द्वारा भगवा ध्वज दिखाकर किया जाएगा। श्री परशुराम युवा मंच के संयोजक जगदीश व्यास, संचालक गौरव त्रिपाठी, स्नेहिल उपाध्याय, हितेश शर्मा कामरेड सहित सर्व ब्राह्मण महासभा, सर्व ब्राह्मण सभा, सर्व ब्राह्मण सहकारी समिति,श्री परशुराम कल्याण बोर्ड के पदाधिकारी, सदस्यों ने नगर के सभी ब्राह्मणजनों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर रैली को सफल बनाने की अपील की है।
