न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। आबकारी विभाग की टीम ने अवैध मदिरा परिवहन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 4 अक्टूबर को मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने धामनोद से रतलाम मार्ग पर स्थित डेलनपुर टोल के पास सघन तलाशी अभियान चलाया। इसमें कुल 42 पेटी शराब जब्त की गई। मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी (रतलाम) प्रकाश चंद्र केरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से अवैध शराब परिवहन की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर अर्पित पंड्या सहित टीम ने धामनोद से रतलाम मार्ग पर स्थित डेलनपुर टोल के पास सघन तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने एक फ़ोर्स तूफान गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर GJ09 BM 2538) को रोककर तलाशी ली। वाहन से कुल 42 पेटी अवैध शराब जब्त की गई। जिसमें 22 पेटी माउंट्स 6000 बियर, 10 पेटी बोल्ट बियर तथा 10 पेटी प्लेन शराब जब्त की है।
जब्त की गई शराब और वाहन की अनुमानित कुल कीमत लगभग 11,45,000 रुपए आंकी गई है। इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है।
केरवार ने कहा कि यह अवैध शराब कहाँ से लाई जा रही थी और कहाँ भेजी जानी थी। इस संबंध में विवेचना की जा रही है। जांच पूरी होते ही आगे का खुलासा किया जाएगा।
