न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 29 अगस्त जन्म जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस पर क्रीड़ा केंद्र, विरियाखेड़ी में क्रीड़ा भारती, खेल एवं युवा कल्याण विभाग एवं जिला मल्लखंब एसोसिएशन द्वारा आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मल्लखंब के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मल्लखंब की विभिन्न गतिविधियों एवं कलाओं का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम जिला प्रशिक्षक एवं जिला मल्लखंब सचिव जितेंद्र धूलिया के मार्गदर्शन तथा पवन सिंधल, मल्लखंब प्रशिक्षक एवं निर्णायक के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ.गोपाल मजावदिया, क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष एवं सचिव अनुज शर्मा, पूर्व की क्रीड़ा अधिकारी आर.सी. तिवारी उपस्थित रहे।

इस दौरान खिलाड़ियों ने मल्लखंब पर अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना तथा भारत के पारंपरिक खेल मल्लखंब को बढ़ावा देना रहा।
खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से खेल के प्रति अनुशासन, मेहनत और समर्पण का संदेश दिया। क्रीडा भारतीय सचिव अनुज शर्मा ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉ. मजावदिया ने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
पूर्व क्रीड़ा अधिकारी आरसी तिवारी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों को खेलों के प्रति निरंतर समर्पित रहने तथा मल्लखंब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान राष्ट्रीय खिलाड़ी मुस्कान सोनी का अतिथियों द्वारा प्रतीक चिन्ह एवं मैडल से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए दुर्गाशंकर मोयल, हार्दिक कुरवाड़ा, दुर्गा डामोर एवं गौरव सोलंकी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोग किया
कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र धूलिया ने किया एवं आभार हार्दिक कुरवारा ने किया।
