मंच पर कद्दावर नेताओं को नहीं मिली जगह…..पीएम मोदी ने उसी मंच से दी कई सौगातें, बोले-जो भी खरीदें या बेचें देश में बना होना चाहिए
न्यूज़ जंक्शन-18
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धार के आयोजन में मंच पर जगह पाने के लिए कद्दावर स्थानीय नेताओं को सफलता नहीं मिली। अंततः उन्हें निराश होना पड़ा। अंत तक मंच पर चढ़ने व बैठने के प्रयास किए गए। लेकिन विशेष सुरक्षा इंतजाम के चलते संभव नहीं हो सका।।
पीएम मोदी ने मंच से शक्ति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल धार का नहीं बल्कि पूरे देश की माताओं और बहनों को समर्पित है। इसी के साथ ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ महाअभियान की शुरुआत की गई। पीएम मोदी ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर देश के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इस पार्क से भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी। किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिलेगा और सबसे बड़ा लाभ युवाओं को रोजगार से मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर यह “रिटर्न गिफ्ट” मध्य प्रदेश को दिया। धार में बने इस मेगा टेक्सटाइल पार्क से 3 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। लाखों किसानों को सीधा फायदा होगा और महिलाओं को आवास समेत कई सुविधाएं मिलेंगी। युवाओं के लिए यहां रोजगार और स्टार्टअप के मौके उपलब्ध होंगे। पार्क की वजह से प्रदेश में दुनिया स्तर की सुविधाएं, सोलर और ग्रीन एनर्जी का उपयोग, बेहतरीन हाईवे और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी मिलेगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने “मोदी है तो मुमकिन है” करके दिखाया है। उनके नेतृत्व ने भारत की काया पलट दी है। उन्होंने कहा कि निमाड़ और मालवा अंचल में पीएम मित्रा पार्क के जरिए बड़ा मार्केट बन रहा है, जिसकी नींव आज रखी गई है। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और ऐतिहासिक पल का साक्षी बनी।
पीएम मोदी बोले– हर दुकान पर लिखा हो…गर्व से कहो ये स्वदेशी है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार में जनसभा को संबोधित करते हुए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा, “हर दुकान पर बोर्ड लगाओ– गर्व से कहो ये स्वदेशी है। ” पीएम मोदी ने आगे कहा, वे राज्य सरकार से भी आग्रह करेंगे कि प्रदेशभर में इस तरह का अभियान चलाया जाए। उनका संदेश था कि जब हर व्यापारी और ग्राहक गर्व से स्वदेशी अपनाएगा, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।
पीएम मोदी बोले- जो भी खरीदें देश में बना होना चाहिए, जो भी बेचें देश में बना होना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार से देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “जो भी खरीदें, देश में बना हो। उसमें देश के पसीने की मेहनत और मिट्टी की महक होनी चाहिए। देश के लिए मेरी मदद कीजिए.” पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दोहराया और कहा कि इसका रास्ता आत्मनिर्भर भारत से होकर जाता है। उन्होंने व्यापारी भाइयों-बहनों से आग्रह किया कि जो भी बेचें, वह देश में बना होना चाहिए। चाहे दीपावली की मूर्तियां हों या मोबाइल, टीवी, फ्रिज– हर छोटी-बड़ी खरीदारी स्वदेशी उत्पादों की होनी चाहिए।
पीएम मोदी बोले- फाइव एफ विजन से प्रदेश का हुनर पहुंचेगा दुनिया भर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार में आयोजित कार्यक्रम में फाइव एफ विजन फार्म, फाइबर, फैक्ट्री, फैशन और फॉरेन का जिक्र किया। कहा कि इस विजन पर काम करके भारत का हुनर पूरी दुनिया में नई पहचान बनाएगा। पीएम ने बताया कि मध्य प्रदेश में महेश्वरी साड़ी की पुरानी परंपरा रही है और अब धार के पीएम मित्र पार्क में कपास और रेशम जैसे जरूरी सामान आसानी से उपलब्ध होंगे. यहां क्वालिटी चेक, डिजाइन और मार्केटिंग की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई के महेश्वर की साड़ियां अब दुनिया के बाजारों में चमकेंगी और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।
देशभर की माता-बहनों से पीएम मोदी बोले– कैंप में जरूर कराएं जांच, सब सुविधा मुफ्त,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार से ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ महाअभियान की शुरुआत की. उन्होंने अपील करते हुए कहा, “मैं आपसे संकोच छोड़कर इन कैंपों में जांच करवाने की विनती करता हूं। एक बेटे और भाई के नाते इतना तो मांग सकता हूं। ” पीएम ने बताया कि इन कैंपों में जांच, दवा और इलाज पूरी तरह मुफ्त होंगे। आगे के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड सुरक्षा कवच की तरह काम करेगा. यह विशेष अभियान आज से शुरू होकर 2 अक्टूबर, विजयदशमी तक चलेगा. दो सप्ताह तक लाखों कैंप आयोजित होंगे, जिनसे महिलाओं और परिवारों के स्वास्थ्य को नई मजबूती मिलेगी। कोई बेटी, कोई बहन, कोई मां छूट न जाए।
धार से पाकिस्तान को कड़ा संदेश, पीएम मोदी ने कहा- ये नया भारत है घर में घुसकर मारता है…
धार में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, ये नया भारत है, ये किसी की परमाणु धमकियों से डरता नहीं है। ये नया भारत है जो घर में घुसकर मारता है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले का भी जिक्र किया और शहीद जवानों को नमन किया। उन्होंने भारतीय सेना की वीरता और पराक्रम की जमकर तारीफ की. साथ ही मध्य प्रदेश के लोगों की ऊर्जा, मेहनत और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोग भारत के विकास की ताकत हैं।
धार में मंच पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत
धार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंच पर भव्य स्वागत किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने उन्हें पारंपरिक पगड़ी, शॉल और शस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर मां-शिशु की सुंदर तस्वीर भी प्रधानमंत्री को भेंट की गई।
मंच पर कई नेताओं को नही मिली जगह:- इससे पहले पीएम मोदी की विशेष सुरक्षा व्यवस्था के चलते स्थानीय कई कद्दावर नेताओं को मंच पर जगह नही मिली। पूर्व केबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव को मंच पर स्थान नहीं मिलने से निराशा हाथ लगी। स्थानीय विधायक को मंच पर तो बुलाया गया। लेकिन उन्होंने संबोधन की शर्त रख दी। मंच पर बैठने को लेकर अन्य कई नेताओं ने प्रयास किए। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। इधर, रतलाम से जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय हमेशा की तरह प्रोटोकॉल का तहत मोदी से अभिवादन करने में सफल रहे।
