सेंटर के फर्नीचर और सिस्टम टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता….? उज्जैन में जोनल ट्रेनिंग सेंटर तैयार, 15 अक्टूबर को GM करेंगे उद्घाटन
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रतलाम रेल मंडल के उज्जैन स्थित नवनिर्मित जोनल ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। सर्वसुविधायुक्त इस ट्रेनिंग सेंटर की अत्याधुनिक बिल्डिंग बनकर तैयार हो चुकी है, जिसका औपचारिक उद्घाटन आगामी 15 अक्टूबर 2026 को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (GM) रामाश्रय पांडेय द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।

हालांकि, उद्घाटन से ठीक पहले इस महत्वाकांक्षी परियोजना में टेंडर और आवंटन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में ठेकेदारों का दूसरा हल्का रेलवे मंत्री को शिकायत के लिए तैयारी में जुट गया है।
पारंपरिक ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने और नियमों की अनदेखी?:- सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेनिंग सेंटर में फर्नीचर, कंप्यूटर व डिजिटल सिस्टम और अन्य आवश्यक उपकरणों की स्थापना में रेलवे के पारंपरिक ठेकेदारों को ही लाभ पहुंचाया गया है। आरोप है कि रेलवे प्रशासन को नियमानुसार अपने स्तर पर टेंडर डिमांड और शर्तें तैयार करनी थीं, लेकिन इसके बजाय सेंटर प्रबंधन द्वारा ठेकेदारों को अपने चेंबर में बैठाकर टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाई गई।

इतना ही नहीं, खुली निविदा (Open Tender) की निष्पक्ष प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए पिछले कुछ महीनों के दौरान कोटेशन के आधार पर भी चहेते ठेकेदारों को काम बांटने की बात सामने आई है। इस तरह की कार्यप्रणाली से पूरी निविदा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
अब उदयपुर जाने की मजबूरी से मिलेगी राहत:- उल्लेखनीय है कि अब तक पश्चिम रेलवे जोन के विभिन्न विभागों के रेल कर्मचारियों व अधिकारियों को प्रशिक्षण के लिए उदयपुर (राजस्थान) स्थित ट्रेनिंग सेंटर जाना पड़ता था। उज्जैन में इस जोनल ट्रेनिंग सेंटर के शुरू हो जाने से पश्चिम रेलवे के कर्मचारियों को स्थानीय स्तर पर ही सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा, जिससे उनके समय और संसाधन दोनों की बचत होगी।
जहां एक ओर जोनल ट्रेनिंग सेंटर की शुरुआत से रेल कर्मचारियों के प्रशिक्षण में बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। वहीं दूसरी ओर टेंडर आवंटन में सामने आई कथित अनियमितताओं ने उद्घाटन से पहले ही प्रशासनिक हलकों में चर्चा गरम कर दी है।
