राजधानी रुट पर वेंडर्स का दबदबा….सवाई माधोपुर में भिड़े दो वेंडर, मामला जीआरपी में, रतलाम में हो चुकी गैंगवार व चाकूबाजी

न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम/कोटा। दिल्ली-मुंबई रेल लाइन (राजधानी रुट) पर खानपान सामग्री बेचने वाले वेंडर्स के विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे है। सवाई माधोपुर में पिछले दिनों दो वेंडर आपस में भिड़ गए। एक वेंडर ने मामले की जीआरपी को शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद गुरुवार को जीआरपी ने कार्रवाई की।
इससे पहले रतलाम में भी वेंडर्स के बीच गैंगवार सहित चाकूबाजी की घटना भी हो चुकी हैं। इस सबके बीच आरपीएफ की भूमिका सुस्त रही है। जबकि रतलाम रेलवे स्टेशन पर कमर्शियल विभाग थोड़ा एक्शन में आया है। कुछ वेंडर्स के खिलाफ गुरुवार को जुर्माना कार्रवाई की गई। लेकिन आरपीएफ ने कार्रवाई से दूरी बनाई।
छाछ सप्लाय करने वाले वेंडर ने शुरू कर दी मारपीट:- सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर दो दिन पहले वेंडर्स के बीच मारपीट हुई। वेंडर पीयूष खटवानी ने बताया कि वह एक स्टॉल पर काम कर रहा था। तभी स्टेशन पर छाछ सप्लाई करने वाले वेंडर दीपक वर्मा और उसके भाई ने अकारण उसे पीटना शुरू कर दिया। उसे कई थप्पड़ मारे और धमकियां दीं।
अपनी शिकायत में पीयूष ने मामले में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। इसके बाद जीआरपी ने आरोपी वेंडर के खिलाफ कार्रवाई की।
रतलाम में हो चुकी वेंडर्स वार व चाकूबाजी:- इधर, रतलाम में भी पूर्व में वेंडर्स वार का रिकार्ड रहा है। यहां प्लेटफॉर्म के अलावा चलती ट्रेन में चाकूबाजी की घटना हुई है। कुछ साल पहले वेंडर्स वार के चलते रतलाम के अवैध ठेकेदार वेंडर्स के दो गुटों में जमकर विवाद हुआ था। मेघनगर सेक्शन में एक गुट ने दूसरे गुट के वेंडर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। मामले में पुलिस व कानूनी कार्रवाई हुई थी।
चाकूबाजी के प्रकरण:-
-15 नवंबर 2025:- बांद्रा-शकूरबस्ती साप्ताहिक ट्रेन (09003) में चाकूबाजी की घटना हुई। रतलाम स्टेशन के 15 मिनट पहले नाबालिग ने चलती ट्रेन में अटेंडर को चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया था। आरपीएफ व जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और अटेंडर को अस्पताल भिजवाया। उसकी शिकायत पर नाबालिग के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। नाबालिग द्वारा बी-4 में पानी की बोतलें बेची जा रही थी। अटेंडर अभिषेक सिंह ने बिक्री से इसे रोका। इस बात को लेकर विवाद हो गया था।
26 जून 2025:- जम्मूतवी एक्सप्रेस में वेंडर के बीच विवाद के बाद चाकूबाजी हो गई। विवाद चार वेंडर्स के बीच हुआ। मारपीट के बाद चाकूबाजी में एक दूसरे को घायल कर दिया। घटना में एक वेंडर गंभीर रूप से घायल हो गया। जनरल कोच से रतलाम की ओर आ रहे वेंडर दशरथ, नरेंद्र, लक्की तथा प्रकाश के बीच फेरी को लेकर विवाद हो गया था। मारपीट के बाद चाक़ू से वार करना शुरू कर दिए। इससे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। चाकूबाजी में नरेंद्र गम्भीर रूप से घायल हो गया। इसके गले व सीने के निचले हिस्से में चाकू लगे थे। बिलड़ी स्टेशन पर ये कोच से जैसे-तैसे इंजिन में चढ़कर रतलाम पहुंचे। प्लेटफॉर्म 5 से इन्हें एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।
चुनिंदा वेंडर्स पर कार्रवाई:- इधर, रतलाम में वेंडर्स की बढ़ती ताताद का मामला उज़ागर होने के बाद कमर्शियल विभाग के निर्देश पर गुरुवार को सीएमआई (केटरिंग) ने सुबह देहरादून एक्सप्रेस में वेंडर्स की जांच की। इसके बाद चुनिंदा वेंडर्स पर जुर्माना कार्रवाई की। वहीं कार्रवाई के लिए मूल जिम्मेदार विभाग आरपीएफ ने कार्रवाई से दूरी बनाई।
बुलेट पॉइंट्स…।
वरिष्ठ अधिकारी की नजदीकी का रौब:- कमर्शियल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी की निकटता व घर पहुंच सेवा का लाभ एक नया केटरिंग ठेकेदार बखूबी उठा रहा है। चर्चा है कि रेलवे कॉलोनी में चुनिंदा स्टॉल से शुरू किए केटरिंग कारोबार को अब ठेकेदार ने सांठगांठ कर रेलवे स्टेशन तक फैला लिया गया। हालात यह है कि विभाग के अधिकारी के मेलजोल के लाभ के चलते इस ठेकेदार ने अपने अन्य नजदीक स्टाल ठेकेदार को अवैध कामों की खुली छूट दिलवा दी है। यहीं वजह है कि ठेकेदारों को निचले अधिकारी, सीएमआई स्तर सहित आरपीएफ तक का ख़ौफ़ नहीं है।
