एक्सप्रेस वे से उतरा वाहन, अप्रोच रोड पर भीषण हादसा: ट्रक-पिकअप की भिड़ंत के बाद लगी आग, जिंदा जला चालक; आरोपी ड्राइवर फरार
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम/ थांदला। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्ग (अप्रोच रोड) पर शनिवार रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हो गया। ट्रक और पिकअप के बीच हुई जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में पिकअप चालक को बाहर निकलने का अवसर तक नहीं मिला। उसकी मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद ट्रक चालक वाहन को छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया।
बता दें कि रतलाम से हजारों वाहन थांदला नगर की ओर उतरते है। यहां से अप्रोच रोड होते हुए अन्य जिलों में पहुंचते है। वाहनों की गति सामान्य नहीं होने से आए दिन दुर्घनाएं हो रही है।

आग की लपटों में घिरा पिकअप, चालक की मौके पर मौत:- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार रात एक ट्रक एक्सप्रेस-वे की ओर बढ़ रहा था, तभी सामने से आ रही पिकअप से उसकी सीधी और तेज टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियाँ पलक झपकते ही आग का गोला बन गईं। हादसे में पिकअप सवार मियाटी निवासी तेरू खिमा भाबर की झुलसने से घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक दल ने मौके पर पहुँचकर स्थिति पर नियंत्रण पाया, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
सँकरा अप्रोच रोड और बेलगाम रफ्तार बनी काल:- स्थानीय निवासियों का कहना है कि 8-लेन एक्सप्रेस-वे के इस पहुंच मार्ग पर आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं।

रतलाम की तरफ से आने वाले हजारों वाहन एक्सप्रेस-वे के जरिए थांदला होते हुए झाबुआ और अलीराजपुर क्षेत्र में प्रवेश करते हैं। एक्सप्रेस-वे से उतरने के बाद भी चालक टू-लेन पहुंच मार्ग पर वाहनों की गति धीमी नहीं करते। मार्ग की कम चौड़ाई और वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार के इस घातक गठजोड़ के कारण यहाँ लगातार दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ रहा है।
